सत्र 2020 21 में छात्र छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नत किए जाने के संबंध में हुई बैठक
सत्र 2020 21 में छात्र छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नत किए जाने के संबंध में हुई बैठक
बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय के समिति कक्ष में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर के पी सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के परीक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। विश्वविद्यालय के शैक्षिक सत्र 2020 21 में छात्र छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नत किए जाने के संबंध में अपर सचिव उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद लखनऊ के पत्र दिनांक 9 जून 2021 पर विचार किया जाने हेतु इस बैठक का आयोजन किया गया।
एजेंडा पर सम्यक विचारोपरांत परीक्षा समिति द्वारा निम्न निर्णय लिए गए। स्नातक एवं स्नातकोत्तर के अंतिम सेमेस्टर एवं अंतिम वर्ष की परीक्षाएं जुलाई माह में आरंभ होंगी। यथासंभव सभी कॉलेजों के सेंटर स्व केंद्र होंगे जिसमें बाह्य परीक्षकों द्वारा कक्ष निरीक्षण किया जाएगा। प्रश्न पत्रों में बहुविकल्पीय अति लघु एवं दीर्घ उत्तरीय प्रश्न होंगे जो एक घंटा 30 मिनट की समय अवधि का होगा।
एक विषय का मात्र एक ही प्रश्न पत्र होगा। प्रथम वर्ष अथवा सेमेस्टर के छात्रों को स्वत: प्रोन्नत किया जाएगा एवं उनकी परीक्षाएं नहीं होंगी।
इस बैठक में परीक्षा नियंत्रक श्री संजीव कुमार सिंह, सहायक कुलसचिव परीक्षा श्रीमती सुनीता यादव, डॉ स्वदेश सिंह, डॉ मुकेश कुमार, प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल, प्रोफेसर विजय बहादुर यादव, प्रोफेसर जे एन मौर्य, डॉ अमित सिंह, डॉ सी एम जैन एवं डॉ वीके सिंह उपस्थित रहे।