रामपुर: श्री खाटू श्याम जी नगर भ्रमण यात्रा धूमधाम से निकाली गयी।
रामपुर। उत्तर प्रदेश/ रामपुर मेंश्री खाटू श्याम जी भ्रमण यात्रा धूमधाम से निकल गई। भ्रमण यात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों ने मन मोह लिया। शहर के कई इलाकों से होकर निकली शोभा यात्रा में श्याम बाबा की भक्ति में भक्त सराबोर हो गए। पुष्प वर्षा के बीच भक्तों ने नृत्य करते हुए बाबा के जयकारे लगाए। जगह-जगह शोभा यात्रा का स्वागत सत्कार किया गया।
शुक्रवार की देर शाम कोसी मंदिर मार्ग स्थित उत्सव पैलेस से शोभा यात्रा प्रारंभ हुई। शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में श्याम प्रेमी बाबा की भक्ति में खोकर नृत्य करते हुए चल रहे थे। आगे-आगे श्याम प्रेमी भजनों पर नृत्य कर रहे थे। शहर के बैंड धार्मिक भजनों की धुन बजाते हुए चल रहे थे। श्याम भक्त श्याम बाबा के भजनों और ढोल की थाप पर थिरकते हुए चल रहे थे। इस दौरान सभी ने जमकर जयकारे लगाए। शोभा यात्रा उत्सव पैलेस से प्रारम्भ होकर सराय गेट, थाना हजियानी, मिस्टनगंज चौराहा, जच्चा-बच्चा चौक, जामा मस्जिद, वैजनाथ हलवाई, नया गंज, गांधी समाधि, स्टार चौराहा, फैमिली चौराहा, आवास विकास, एलआईसी तिराहा, थाना सिविल लाइन्स, स्टेशन रोड, गुरूद्वारा रोड, शुगर फैक्ट्री गेट से होते हुये देर रात देर रात आदर्श रामलीला मैदान स्थित संकीर्तन स्थल पर पहुंची। शोभा यात्रा पर जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत कर श्याम प्रेमियों को जलपान और प्रसाद वितरित किया। इस दौरान समस्त श्रीश्याम भक्त परिवार के सदस्य और श्याम प्रेमी मौजूद रहे। श्रीलखदातार सेवा समिति ट्रस्ट, दुर्गा स्वीटस समेत अनेक संस्थाओं और श्याम प्रेमियों ने श्रीश्याम भ्रमण यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। भ्रमण यात्रा में शामिल भक्तों को पानी, जलजीरा, प्रसाद आदि ग्रहण कराया। जिधर से भ्रमण यात्रा निकलती श्री श्याम बाबा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। नौ जून को सिविल लाइंस स्थित आदर्श रामलीला मैदान में श्रीश्याम संकीर्तन की धूम मचेगी। आदर्श रामलीला मैदान में होने वाले श्रीश्याम संकीर्तन महोत्सव में वृंदावन धाम से साध्वी पूर्णिमा, जयपुर से अभिषेक नामा और कोलकाता से सौरभ शर्मा श्याम बाबा का गुणगान करेंगे।